नायब तहसीलदार की पिटाई का आरोप, BJP विधायक पर FIR: बहन से बदसलूकी के बाद बढ़ा विवाद, तहसीलदार पर भी केस

BJP विधायक पर FIR

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार और बीजेपी विधायक के समर्थकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने सीतापुर से बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया है। वहीं, विधायक पक्ष की ओर से भी नायब तहसीलदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जमीन से जुड़े काम को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र तैयार कराने के लिए 14 मई को राजापुर उप तहसील कार्यालय में आवेदन जमा किया था। आरोप है कि कई दिनों तक उनका काम नहीं हुआ और उन्हें लगातार दफ्तर के चक्कर लगाने पड़े। बुधवार को वह दोबारा अपने दस्तावेजों के संबंध में कार्यालय पहुंचीं।

‘फाइल फेंकने’ और ‘बाहर निकालने’ का आरोप

सीमा धनकी का आरोप है कि जब उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया तो वह नाराज हो गए। उन्होंने कथित तौर पर फाइल फेंक दी और कहा कि जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। साथ ही उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए भी कहा गया। इसके बाद सीमा धनकी ने पूरे मामले की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी।

विधायक समर्थकों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की हुई। नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया कि विधायक समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और कपड़े तक फाड़ दिए। वहीं, विधायक पक्ष ने भी तहसीलदार के व्यवहार को लेकर आपत्ति जताई है।

दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज

मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। दूसरी ओर, विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

कलेक्टर ने मांगी रिपोर्ट

घटना की जानकारी मिलने के बाद सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार तुषार मानिक से पूरे मामले की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इसके बाद तुषार मानिक और अन्य राजस्व अधिकारी शिकायत दर्ज कराने अंबिकापुर कोतवाली थाना पहुंचे।

 

Youthwings