टीएस सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देने से बचे भूपेश बघेल, बोले- “हाईकमान करता है हाईकमान”
पूर्व सीएम ने Gen-Z से लगाई उम्मीद, कहा- 4 दिन में 2 करोड़ फॉलोअर्स वाली पीढ़ी बचाएगी लोकतंत्र..
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने साफ रुख अपनाया। यह प्रदेश कांग्रेस के भीतर बढ़ती अंतर्कलह की ओर इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि वह टीएस सिंहदेव के किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पिछले तीन-साढ़े तीन साल से छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है। बघेल ने स्पष्ट किया कि किसे नेता प्रतिपक्ष बनाना है और किसे पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाना है, यह सब तय करना हाईकमान का काम है। इसलिए वह इन मामलों में अपनी बुद्धि नहीं लगाते। इस में बघेल का यह रुख संकेत देता है कि वह किसी भी सियासी खींचतान से दूर रहना चाहते हैं।
केंद्र सरकार पर तीखा हमला ‘अघोषित आपातकाल’ का आरोप
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने देश के वर्तमान हालातों की तुलना अघोषित आपातकाल से करते हुए युवाओं (Gen-Z) से बड़ी उम्मीदें जताईं। बघेल ने कहा कि देश में आज लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, लेकिन नई पीढ़ी इसे दोबारा खड़ा करने की इच्छाशक्ति रखती है। उन्होंने कहा कि मीडिया को चुप करा दिया गया है और व्यापारिक जगत को भी डराकर मौन कर दिया गया है।
बघेल ने दावा किया कि देश तेजी से आर्थिक आपातकाल की ओर बढ़ रहा है और ऐसा लग रहा है कि भारत अमेरिका के कुचक्र में फंस चुका है। उन्होंने कहा, “जिस प्रकार हमारी स्थिति है, हम बड़ी मुश्किल से अंग्रेजों की गुलामी से उभरे थे, लेकिन आज हमें तेल (क्रूड ऑयल) के लिए दूसरी जगहों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।”
पेट्रोल-डीजल-सिलेंडर महंगा, बिजली कटौती पर चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री ने आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि लगातार पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दामों में मूल्य वृद्धि हो रही है। हाल ही में इनमें करीब 5 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए चेतावनी दी कि छत्तीसगढ़ में बिजली की आपूर्ति में भारी कटौती और संकट की आहट सुनाई दे रही है। रोज बिजली की समस्याओं में वृद्धि हो रही है, जिससे जनता परेशान है।
Gen-Z युवाओं से बड़ी उम्मीद ‘4 दिन में 2 करोड़ फॉलोअर्स’ का उदाहरण
प्रेसवार्ता के दौरान भूपेश बघेल ने आज की युवा पीढ़ी (Gen-Z) की ताकत का जिक्र किया। उन्होंने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा, “आजकल Gen-Z का जमाना है। इसका अद्भुत प्रभाव पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में देखने को मिला है कि कैसे महज 4 दिन में 2 करोड़ फॉलोअर्स मिल जाते हैं। इस पीढ़ी की लोकतंत्र के प्रति बड़ी आस्था है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद Gen-Z को आमंत्रित कर रहे हैं। इस बार के संगठन चुनावों में 90 के दशक के बाद के लड़के नेतृत्व करेंगे। बघेल ने युवा कांग्रेस को मुख्य कांग्रेस का सबसे मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि पहले सदस्यता अभियान होगा और फिर चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लोकतंत्र को बचाने के लिए युवा लड़ाई लड़ेंगे और इसका लाभ निश्चित तौर पर कांग्रेस को मिलेगा।
कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव और भविष्य की रणनीति
बघेल ने कहा कि कांग्रेस लगातार अपनी संगठनात्मक प्रक्रियाओं को मजबूत कर रही है। युवाओं को आगे लाकर पार्टी को नई दिशा देने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार, देश में इस वक्त अघोषित रूप से आपातकाल लगा हुआ है, लेकिन युवा पीढ़ी लोकतंत्र को बचाने के लिए कमर कस चुकी है। उन्होंने कहा कि Gen-Z की ऊर्जा और जुड़ाव से कांग्रेस को बड़ी ताकत मिलेगी।
इन तमाम हालातों को बदलने के लिए बघेल ने दोहराया कि उन्हें देश के युवाओं से बहुत बड़ी उम्मीद है। उनका मानना है कि युवा ही वह ताकत हैं जो व्यवस्था में बदलाव ला सकते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनर्स्थापित कर सकते हैं।
यह छत्तीसगढ़ की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि कांग्रेस हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष के मामले में क्या फैसला लेता है और क्या युवाओं का यह विश्वास पार्टी के पुनरुत्थान में बदलता है। फिलहाल, सभी की नजरें आगामी संगठनात्मक चुनावों और दीपक बैज के उत्तराधिकारी की घोषणा पर टिकी हैं।
