पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का विरोध, रिक्शे पर बाइक रखकर जताया आक्रोश

गोरखपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने मोटरसाइकिल को रिक्शे पर रखकर शहर में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर सीधे पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दामों में तीन-तीन रुपये की वृद्धि के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें स्थिर होने के बावजूद टैक्स बढ़ाकर जनता से वसूली की जा रही है। उनका आरोप है कि पहले से महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही जनता के लिए ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी बड़ी समस्या बन गई है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की।

Youthwings