कांग्रेस का प्रेस कॉन्फ्रेंस : धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट मामले में सरकार को घेरा,गृहमंत्री को बर्खास्त करने की रखी मांग
रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजधानी में हाई अलर्ट के बावजूद इस तरह की घटना होना कानून व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु समेत अन्य नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने कहा कि धरमलाल कौशिक केवल एक राजनेता नहीं बल्कि लोकतंत्र के प्रतीक हैं। जब एक वरिष्ठ नेता सुरक्षित नहीं हैं, तब आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रायपुर कमिश्नरेट पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ने में असफल रही है। नेताओं ने खरोरा में हुई एक करोड़ रुपये की लूट का जिक्र करते हुए कहा कि उस मामले में भी आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। कांग्रेस का कहना है कि राजधानी में पांच आईपीएस अधिकारियों की तैनाती के बावजूद अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर अपराध के आंकड़े कम दिखाने के लिए एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो चुका है, जबकि आम आदमी भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
गृह मंत्री को बर्खास्त करने की मांग
कांग्रेस ने इस घटना के लिए मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। वहीं भाजपा नेता पुरंदर मिश्रा के बयान को कांग्रेस ने स्तरहीन बताते हुए भाजपा से इस तरह की बयानबाजी पर जवाब मांगा।
