दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक: कार से बैरियर तोड़ स्पीकर ऑफिस तक पहुंचा आरोपी, गुलदस्ता रख हुआ फरार
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा के बड़ी चूक
राजधानी नई दिल्ली के दिल्ली विधानसभा परिसर में सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। सोमवार दोपहर एक शख्स कार लेकर बैरियर तोड़ते हुए अंदर घुस गया था। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है।
बैरियर तोड़कर अंदर पहुंचा, स्पीकर दफ्तर तक गया
जानकारी के अनुसार, आरोपी गेट नंबर-2 से कार लेकर अंदर घुसा, जहां उस समय सीआरपीएफ की तैनाती थी। बैरिकेडिंग तोड़ते हुए वह सीधे विधानसभा परिसर में पहुंच गया और स्पीकर कार्यालय के पास जाकर गुलदस्ता रख दिया। घटना के वक्त विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता भी परिसर में मौजूद थे।
स्पीकर की गाड़ी में बैठा, फिर हुआ फरार
बताया जा रहा है कि आरोपी के पास एक गुलदस्ता, माला और बैग भी था। अंदर पहुंचने के बाद वह स्पीकर की गाड़ी में बैठा और गुलदस्ता रखा। इसके बाद वह कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और आरोपी की तलाश शुरू की गई।
रूप नगर से बरामद हुई कार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके दो साथियों को पकड़ लिया है। कार को उत्तर दिल्ली के रूप नगर इलाके से बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि वाहन सरबजीत सिंह चला रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पहले भी हो चुका है हमला
इससे पहले 20 अगस्त 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था। आरोपी ने शिकायतकर्ता बनकर पहुंचकर अचानक उनका हाथ खींचा, बाल पकड़े और थप्पड़ मार दिया था। हमले में मुख्यमंत्री को हाथ, कंधे और सिर में चोटें आई थीं। आरोपी राजेशभाई खीमजी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने विधानसभा और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
read more : छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग पर NSUI का प्रदर्शन, ABVP ने समय पर उठाए सवाल
