भोपाल हॉस्टल में हंगामा: छात्रों की पार्टी बनी खूनी झड़प, दो को लगी गोली
दो छात्रों को लगी गोली
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक निजी यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच पार्टी को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात फ्लैट में हो रही पार्टी के दौरान दो गुटों में कहासुनी हुई, जिसके बाद एक युवक ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
पार्टी से शुरू हुआ विवाद, नीचे आकर बढ़ा झगड़ा
घटना सेज सन सिटी की है, जहां यूनिवर्सिटी के छात्र रहते हैं। जानकारी के मुताबिक, एक फ्लैट में कुछ छात्र पार्टी कर रहे थे। शोर-शराबे से परेशान दूसरे छात्रों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। कुछ देर बाद मामला इतना बढ़ गया कि पार्टी कर रहे छात्र तीसरी मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर आ गए और आमना-सामना हो गया।
बाहरी युवक ने चलाई गोली
विवाद के दौरान एक बाहरी युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली फार्मेसी छात्र वासु गुप्ता के कंधे के नीचे लगी, जबकि दूसरी गोली बीटेक छात्र अंशुतेज पाटिल के पेट में जा लगी। घटना के बाद जब साथी घायलों को लेकर जाने लगे, तो आरोपी ने हवाई फायरिंग कर उन्हें डराने की कोशिश भी की।
गलतफहमी में बनाया निशाना
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, फॉरेंसिक साइंस के छात्र हेमंत शर्मा ने बताया कि विवाद के दौरान आरोपी ने गलत पहचान के चलते वासु गुप्ता को निशाना बना लिया, जबकि वह झगड़े में शामिल भी नहीं था। करीब 30 सेकंड के भीतर आरोपी ने दूसरी गोली अंशुतेज पाटिल पर चला दी।
read more : रामअवतार जग्गी हत्याकांड में बड़ा फैसला: अमित जोगी को उम्रकैद
तीनों आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
सूचना मिलते ही कटाराहिल्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मुख्य आरोपी और उसके दो साथी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा बरामद किया है और तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी LNCT University का छात्र है।
जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल अन्य छात्रों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है
