Kanker Maoist surrender : कांकेर में 5 इनामी नक्सलियों का आत्मसमर्पण, हथियारों के साथ आए सामने
कांकेर। कांकेर जिले में नक्सलियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला जारी है। पापा राव के बाद अब उइकाटोला के जंगलों से 5 हथियारबंद नक्सली आत्मसमर्पण के लिए सामने आए हैं। ये सभी कांकेर एसपी कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से सरेंडर करेंगे।
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में ACM मंगेश, ACM गणेश उइका, ACM राजे, ACM हिडमे उर्फ जमाली और ACM मंगति शामिल हैं। ये सभी इनामी नक्सली बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ये नक्सली एक SLR और दो 303 रायफल जैसे हथियारों के साथ समर्पण के लिए निकले हैं। इन पांचों के आत्मसमर्पण के साथ ही कांकेर जिले का मोहला और अवन्धी संयुक्त एरिया कमेटी नक्सल मुक्त होने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रशासन इसे क्षेत्र में शांति बहाली और नक्सलवाद के कमजोर होने का संकेत मान रहा है। आने वाले समय में और भी नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संभावना जताई जा रही है।
