Raipur fraud case : रायपुर में फर्जी डिग्री और नौकरी दिलाने वाले गिरोह की महिला सदस्य गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर में एमबीबीएस और बीएएमएस की फर्जी डिग्री बांटने तथा पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह की एक महिला सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने अब तक करीब 2 करोड़ 34 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

 

इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के चार सदस्यों भुवनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर और राकेश रात्रे को गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी साक्षी सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया।

 

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाने में 17 फरवरी को संजय निराला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उन्हें और उनके रिश्तेदारों को पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी की। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गिरोह फर्जी नियुक्ति पत्र देने के साथ-साथ एमबीबीएस और बीएएमएस की नकली डिग्रियां भी तैयार कर मोटी रकम वसूल रहा था।

 

पूछताछ में साक्षी सिंह ने कबूल किया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पुणे स्थित डी वाई पाटील विद्यापीठ यूनिवर्सिटी के नाम पर फर्जी डिग्रियां तैयार कर गिरोह के अन्य सदस्यों को देती थी। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

 

गिरफ्तार साक्षी सिंह उत्तर प्रदेश के लखनऊ की निवासी है और वर्तमान में दिल्ली में रह रही थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Youthwings