शादी की जिद में युवक चढ़ा मोबाइल टावर, 4 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया, जहां वह पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब 4 घंटे तक टावर पर बैठकर हंगामा करता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

जानकारी के अनुसार, युवक बार-बार युवती से शादी कराने की मांग कर रहा था और चेतावनी दे रहा था कि यदि उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

 

बताया जा रहा है कि जिस युवती को लेकर युवक टावर पर चढ़ा था, उसने पहले ही शादी से इनकार कर दिया था। साथ ही युवती ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और परेशान करने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। टावर से उतारने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Youthwings