15 हिरणों की मौत के मामले पर बड़ा एक्शन, 2 IFS का तबादला, आदेश जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हिरणों की मौत के मामले में सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए सरगुजा की प्रभारी वन संरक्षक प्रभाकर खलखो को हटा दिया है। मंत्रालय से जारी आदेश के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस कार्रवाई को वन्यजीवों की सुरक्षा में लापरवाही के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
हालांकि इस तबादले को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया जा रहा है, लेकिन इसके पीछे अंबिकापुर स्थित संजय वन पार्क में हुई हिरणों की मौत को प्रमुख वजह माना जा रहा है। 20 मार्च को सामने आए इस मामले ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
सूत्रों के अनुसार, पार्क में अव्यवस्था, निगरानी की कमी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सामने आई थी, जिससे सरकार नाराज थी। इसी के चलते त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभाकर खलखो को उनके पद से हटाकर कोरिया जिले में वन उप संरक्षक (प्रादेशिक) के पद पर भेज दिया गया है।
वहीं, 2020 बैच के आईएफएस अधिकारी चन्द्रशेखर शंकर सिंह परदेशी को सरगुजा में प्रभारी वन संरक्षक, कार्य योजना मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें ऐसे समय में यह जिम्मेदारी दी गई है जब विभाग की कार्यप्रणाली पर भरोसा बहाल करना बड़ी चुनौती है।
इस पूरे घटनाक्रम को सिर्फ तबादला नहीं, बल्कि सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वन्यजीव संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी कई सवाल बने हुए हैं। क्या सिर्फ तबादले से व्यवस्था में सुधार आएगा, या जिम्मेदारों पर और कड़ी कार्रवाई होगी। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
