Raipur D.Ed Protest:रायपुर में D.Ed अभ्यर्थियों की कलश यात्रा रोकी गई, 86 दिनों से जारी अनशन पर बढ़ा विवाद

रायपुर। रायपुर में 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर D.Ed अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अभ्यर्थी पिछले 86 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं और इसी बीच नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के अवसर पर उन्होंने मां शीतला न्याय कलश यात्रा निकाली, जिसे पुलिस ने धरना स्थल के गेट पर ही रोक दिया।

 

यह यात्रा तूता धरना स्थल से शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर इसे आगे बढ़ने से रोक दिया। इससे अभ्यर्थियों में नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से संवैधानिक तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

 

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग न तो हाईकोर्ट और न ही सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन कर रहा है, जिससे योग्य उम्मीदवारों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उनका कहना है कि यह केवल नौकरी की मांग नहीं, बल्कि उनके अधिकार और सम्मान का मुद्दा है।

 

कलश यात्रा के दौरान अभ्यर्थी बिना पोस्टर और बैनर के, नंगे पैर, हाथों में कलश लेकर भक्ति भाव से आगे बढ़ रहे थे। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद वे करीब पांच घंटे तक कड़ी धूप में धरना स्थल पर बैठे रहे। इस कार्रवाई को लेकर अभ्यर्थियों ने इसे आस्था के साथ अन्याय बताया।

 

अभ्यर्थियों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या धार्मिक आस्था के तहत शांतिपूर्ण कलश यात्रा निकालना अब अपराध हो गया है। उनका कहना है कि अगर अन्य राजनीतिक या धार्मिक कार्यक्रम होते, तो इस तरह की रोक नहीं लगाई जाती।

 

इस आंदोलन में जशपुर, बलरामपुर, सुकमा, बस्तर, बीजापुर, कोरिया और नारायणपुर सहित कई जिलों से अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। सभी ने अपनी वर्षों की मेहनत का परिणाम पाने और नियुक्ति की मांग को लेकर सरकार से न्याय की अपील की है।

Youthwings