ओलावृष्टि से फसल नुकसान: किसानों से 72 घंटे में बीमा क्लेम करने की अपील
ओलावृष्टि से फसल नुकसान
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और असामयिक बारिश से रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी क्षति की जानकारी दर्ज कराएं, ताकि उन्हें मुआवजा मिल सके।
72 घंटे के भीतर देनी होगी सूचना
कृषि विभाग के अनुसार, रबी सीजन 2025-26 में जिन अधिसूचित ग्रामों के किसानों ने फसल बीमा कराया है और उनकी फसल प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुई है, उन्हें 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना देना अनिवार्य है। किसान अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से टोल फ्री नंबर 14447 या 18004190344 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
समय पर सूचना देने पर ही मिलेगा मुआवजा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में जानकारी देने पर ही बीमा दावा मान्य किया जाएगा। ऐसा करने पर किसानों को ओलावृष्टि और बारिश से हुए नुकसान की भरपाई मिल सकेगी।
मैदानी अमला करेगा मदद
किसानों की सुविधा के लिए बीमा कंपनी के प्रतिनिधि और कृषि विभाग का मैदानी अमला गांव-गांव जाकर सहायता कर रहा है। जरूरत पड़ने पर किसान उनसे संपर्क कर सकते हैं।
कलेक्टर की किसानों से अपील
कलेक्टर ने किसानों से कहा है कि वे किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें और समय पर अपनी फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराएं। साथ ही, अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि कार्यालय, ग्राम स्तरीय कर्मचारियों या बीमा एजेंट से संपर्क कर सकते हैं।
read more : बालोद में फर्जी बिल के जरिए 3.17 लाख की निकासी, ग्रामीणों के विरोध पर खुलासा
