Pakistan Afghanistan War: काबुल में एयरस्ट्राइक से मचा हड़कंप! तालिबान का आरोप– पाकिस्तान ने अस्पताल पर बरसाए बम, 4 की मौत

Pakistan Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर काबुल में एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाकर हवाई हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि पाकिस्तान की ओर से किया गया यह हमला अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है। उन्होंने दावा किया कि हमले में मारे गए और घायल हुए ज्यादातर लोग अस्पताल में इलाज करा रहे नशा पीड़ित थे।

पाकिस्तानी सेना का दावा – 684 तालिबान लड़ाके मारे

वहीं पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना ने कार्रवाई के दौरान 684 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है। हालांकि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है और कहा है कि हताहतों की संख्या कहीं कम है।

तालिबान का यह भी कहना है कि उनके लड़ाकों ने जवाबी कार्रवाई में 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है।

शहबाज सरकार ने आरोपों को बताया झूठा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने काबुल के किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया है।

उनका कहना है कि पाकिस्तानी सेना केवल उन ठिकानों पर कार्रवाई करती है जहां से पाकिस्तान के खिलाफ हमले किए जाते हैं।

सीमा पर तीसरे सप्ताह भी जारी है संघर्ष

दोनों देशों के बीच यह तनाव ऐसे समय बढ़ा है जब सीमा पर संघर्ष लगातार तीसरे सप्ताह में पहुंच गया है। अफगान अधिकारियों के अनुसार सोमवार को सीमा पर हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत और दस लोग घायल हुए हैं।

यूएन सुरक्षा परिषद ने तालिबान को दी चेतावनी

इस बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। पाकिस्तान लंबे समय से यह आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान में मौजूद कुछ समूह, खासकर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP), पाकिस्तान के भीतर हमले करते हैं।

हालांकि काबुल की सरकार इन आरोपों से लगातार इनकार करती रही है।

Youthwings