पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी: छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को मिली राशि

पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी

पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की राजधानी गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की। इस दौरान देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में करीब 18 हजार 650 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार किसानों को भी योजना का लाभ मिला। राज्य के किसानों के खातों में कुल 498.83 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों को किया संबोधित

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन प्रदेश के किसान भाइयों और बहनों के लिए खास महत्व रखता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल तीन किस्तों में कुल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह सहायता किसानों के परिश्रम और उनके योगदान के सम्मान का प्रतीक है।

किसानों के हित सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को अब तक इस योजना के तहत 11 हजार 283 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार बनने के बाद सबसे पहले किसानों को बोनस राशि दी गई और 13 लाख किसानों के खातों में 3 हजार 716 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

धान खरीदी और योजनाओं से किसानों को लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है और किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में भुगतान कर दिया गया। इसके अलावा कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि होली से पहले ट्रांसफर की गई।

read more : छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में 700 पदों पर भर्ती: सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी भी शामिल

Youthwings