छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगा तापमान, आने वाले दिनों में बढ़ सकती है गर्मी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार बढ़ने लगा है। शनिवार को दिन का तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। गर्मी बढ़ने के साथ ही कई घरों में एसी और कूलर भी चालू हो गए हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत दिए हैं।

 

प्रदेश में शनिवार को मौसम शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

 

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उड़ीसा और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं इसी क्षेत्र से एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है।

 

मौसम विभाग के अनुसार 8 मार्च को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने के आसार नहीं हैं, लेकिन गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

 

रायपुर में रविवार को सुबह के समय हल्की धुंध रहने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।

Youthwings