एफडी के नाम पर लाखों की ठगी, बैंककर्मी समेत दो आरोपी गिरफ्तार
धरसीवां। आईडीबीआई बैंक की चरौदा शाखा में कार्यरत एक बैंककर्मी और उसके साथी पर ग्राहकों के खातों से बड़ी रकम हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला धरसीवां थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी नरेंद्र वर्मा ने थाना धरसीवां में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी और पत्नी मनीषा वर्मा के नाम से आईडीबीआई बैंक की चरौदा शाखा में कुल 40 लाख रुपये जमा किए थे। इस राशि को फिक्स डिपॉजिट कराने के लिए उन्होंने बैंक कर्मचारी राजा खुंटे से संपर्क किया।
राजा खुंटे ने उन्हें विश्वास में लेकर एफडी कराने के नाम पर ब्लैंक चेक ले लिया और पावती भी दे दी। बाद में उसने ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर अलग-अलग तिथियों में पूरे 40 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी राजा खुंटे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में एक अन्य मामले का भी खुलासा हुआ, जिसमें गोवर्धन प्रसाद दीवान और उनकी पत्नी के खाते से 8 लाख 70 हजार रुपये तथा स्वाति वर्मा के खाते से 7 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:-
1. राजा खुंटे, पिता भक्तु राम खुंटे, उम्र 35 वर्ष, ग्राम जुनवानी, थाना पलारी, जिला बलौदा बाजार
2. दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी, पिता मनहरण प्रसाद शर्मा, उम्र 30 वर्ष, ग्राम टेंगाभाठा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा
