वकील के घर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर लगाई आग, सीसीटीवी में कैद हुआ नकाबपोश आरोपी
वकील के घर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर लगाई आग
छत्तीसगढ़ के गौरेला में एक स्थानीय वकील के घर आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। सरस्वती नगर वार्ड क्रमांक 2-3 में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति वकील आशुतोष प्रताप मिश्रा के घर के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ देर तक आसपास का मुआयना करने के बाद वह घर के दरवाजे पर आग लगाकर मौके से फरार हो जाता है।
देर रात अंजाम दी गई वारदात
जानकारी के अनुसार यह घटना 3 मार्च की रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर वकील आशुतोष प्रताप मिश्रा के घर के बाहर पहुंचा और अपने साथ लाई बोतल में भरे ज्वलनशील पदार्थ को दरवाजे पर डालकर आग लगा दी।
समय रहते बुझाई गई आग, टला बड़ा हादसा
आग लगने के कुछ ही देर बाद घर के अंदर धुआं भरने लगा, जिससे घर में सो रहे आशुतोष प्रताप मिश्रा और उनके परिजनों की नींद खुल गई। स्थिति को समझते हुए उन्होंने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और जनहानि के साथ भारी संपत्ति का नुकसान भी संभव था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक नकाबपोश व्यक्ति नजर आ रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी को पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
