छत्तीसगढ़ पहुंचे पूर्व सीएम “दिग्विजय सिंह”, महंत निवास पर कांग्रेस नेताओं का लगा जमावड़ा

“मुद्दे सही हो सकते हैं, लेकिन रास्ता गलत”- दिग्विजय सिंह

Raipur: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निवास पहुंचे। इस अवसर पर कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत और पुत्र सूरज महंत ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस PCC अध्यक्ष दीपक बैज, भूपेश बघेल, टी. एस. सिंहदेव, सत्यनारायण शर्मा, कवासी लखमा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ आने के बाद मीडिया से चर्चा में दिग्विजय सिंह ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस ने कभी नक्सलवाद का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा, “नक्सली हिंसा का प्रतीक हैं। हमने हमेशा कहा है कि उनके मुद्दे सही हो सकते हैं, लेकिन रास्ता गलत है। हम आदिवासियों के हकों के समर्थन में हैं।”

नक्सलवाद के खात्मे के लिए तय डेडलाइन पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आदिवासी इलाकों में स्थानीय प्रशासन द्वारा दबाव में नियमों का उल्लंघन किए जाने के कारण नक्सलवाद पनपा।

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सड़कों और शहरों के नाम बदलने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश को अमेरिका पर निर्भर बना रही है और किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों का हवाला देते हुए मक्का आयात का मुद्दा उठाया और सवाल किया कि भारत और अमेरिका के किसानों की तुलना कैसे की जा सकती है। उनका कहना था कि यदि अमेरिका का मक्का भारत आता है तो इससे भारतीय किसानों को नुकसान हो सकता है।

Youthwings