छत्तीसगढ़ को दो दिन में मिले 9 नए IAS अफसर, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना
छत्तीसगढ़ को मिले दो और IAS
छत्तीसगढ़ के लिए मंगलवार और बुधवार खास दिन साबित हुए हैं। इन दो दिनों में राज्य को कुल 9 नए IAS अधिकारी मिले हैं, मंगलवार को डीओपीटी ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अवार्ड दिए जाने का आदेश जारी किया था। इसके बाद बुधवार को कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत डीओपीटी ने अन्य सेवा वर्ग के 2 अधिकारियों को भी IAS अवार्ड प्रदान करने की अधिसूचना जारी कर दी।
डीओपीटी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अन्य सेवा वर्ग से ऋषभ कुमार पराशर और तरुण कुमार किरण को भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से विधिवत अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना में उल्लेख किया गया है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (भर्ती) नियम, 1954 के नियम 8(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, भारतीय प्रशासनिक सेवा (चयन द्वारा नियुक्ति) विनियम, 1997 के विनियम 8 तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा (परिवीक्षा) नियम, 1954 के नियम 3 के साथ पठित प्रावधानों के अनुसार यह नियुक्ति की गई है।
इसके तहत राष्ट्रपति द्वारा छत्तीसगढ़ की गैर-राज्य सिविल सेवा के चयनित अधिकारियों को 2024 की चयन सूची के अंतर्गत निर्धारित रिक्तियों के विरुद्ध भारतीय प्रशासनिक सेवा में अगली सूचना तक परिवीक्षा पर नियुक्त करने का आदेश जारी किया गया है। साथ ही उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा (कैडर) नियम, 1954 के नियम 5(1) के तहत छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया गया है।
