दिनदहाड़े कट्टे की नोक पर लूट, दो आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़े
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में दिनदहाड़े लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पिपरिया थाना क्षेत्र के लखनपुर और सेमो गांव के बीच चार बदमाशों ने रास्ता रोककर कट्टे की नोक पर पति-पत्नी से सोने के जेवर लूट लिए।
हथियार दिखाकर की लूट
जानकारी के मुताबिक, दो बाइक पर सवार चार आरोपियों ने बाइक से जा रहे दंपति को सुनसान रास्ते पर रोक लिया। आरोपियों ने हथियार दिखाकर महिला से सोने की चेन और कान की बालियां छीन लीं और मौके से भागने लगे।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
वारदात के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए पीछा किया और दो आरोपियों को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दो आरोपी फरार, तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कर फरार दो आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके साथियों और आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटा रही है।
