Balrampur SDM Assault Case: बलरामपुर SDM मारपीट केस में बड़ा एक्शन, करुण डहरिया समेत 4 पर FIR दर्ज

Balrampur SDM Assault Case: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में ग्रामीण से कथित मारपीट और उसकी मौत के मामले में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। पुलिस ने कुसमी एसडीएम करुण डहरिया समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार 15 फरवरी की रात एसडीएम करुण डहरिया अपनी टीम के साथ अवैध खनन की सूचना पर हंसपुर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान सरना स्थल के पास तीन ग्रामीणों से उनका सामना हुआ। आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें रोककर मारपीट की, जिसमें एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

ग्रामीणों का कहना है कि वे गेहूं के खेत में पानी लगाकर लौट रहे थे और उनका खनन गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। उनका दावा है कि वे सामान्य किसान हैं और खेती-किसानी से ही जुड़े हैं।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है। सर्व आदिवासी समाज समेत कई संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

Youthwings