बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से हेरोइन सप्लायर मास्टरमाइंड गिरफ्तार
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस को नशीले पदार्थों के सप्लायर मास्टरमाइंड को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। इससे पहले पुलिस ने 34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपी पकड़े गए
कुछ दिन पहले चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई थी। इस मामले में
- मोहित हिंदूजा (32)
- करन दीप सिंह (29)
- आर. रजिंदर कुमार (35)
को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को देता था, जो अपने साथी के साथ मिलकर ऊंचे दामों पर बेचता था।
पंजाब कनेक्शन: सीमा के पास से गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस टीम पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरण क्षेत्र पहुंची और मुख्य तस्कर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी जिस गांव से पकड़ा गया, वह भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 200 मीटर दूर है।
जांच में यह संकेत भी मिले हैं कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थ गिराए जाते हैं, जिन्हें बाद में देश के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किया जाता है। इसी नेटवर्क के माध्यम से हेरोइन बिलासपुर तक पहुंच रही थी।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है और अलग से एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
होली से पहले सख्ती, ‘सूखे नशे’ पर फोकस
होली पर्व को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बढ़ा दी है। शराब और गांजा के साथ-साथ हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स (Dry Drugs) पर भी नजर रखी जा रही है। आशंका है कि त्योहार से पहले बड़ी खेप शहर में खपाने की कोशिश हो सकती है।
सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य सप्लायर की पहचान कर कार्रवाई की गई है। पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और बाहरी राज्यों से जुड़े गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
