जगदलपुर कार्यक्रम में हिड़मा सॉन्ग पर डांस, मचा बवाल
जगदलपुर कार्यक्रम में हिड़मा सॉन्ग पर डांस
जगदलपुर में 10 फरवरी को आयोजित भूमकाल दिवस कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब रैली में डीजे पर कुख्यात नक्सली कमांडर हिड़मा से जुड़ा एक गीत बज गया। रैली में शामिल कुछ लोग गाने की धुन पर नाचते हुए नजर आए। इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस हुई सतर्क
वीडियो सामने आने के बाद बस्तर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर यह गीत किसने बजवाया और इसके पीछे किसकी भूमिका रही। कार्यक्रम से जुड़े आयोजकों, डीजे संचालकों और समाज के कुछ पदाधिकारियों को तलब कर पूछताछ की जा रही है।
एसपी ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे गीत को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
आदिवासी समाज ने जताई आपत्ति
इधर, सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने भी इस घटना को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि रैली में ऐसा कोई गीत बजाया जाएगा। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी रैली में आगे चल रहे थे, जबकि पीछे से डीजे पर गाना बजा और कुछ लोग नाचने लगे।
