चक्काजाम के दौरान नहीं निकल सकी एंबुलेंस: विधायक व्यास कश्यप सहित 12 गिरफ्तार

विधायक व्यास कश्यप

विधायक व्यास कश्यप

जांजगीर। खोकसा–पीथमपुर (जर्वे) सड़क निर्माण की मांग को लेकर किए गए चक्काजाम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के मामले में सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने विधायक सहित कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

30 जून 2025 का है मामला

पुलिस के अनुसार यह घटना 30 जून 2025 की है। उस दिन खोकसा से पीथमपुर (जर्वे) तक सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने चक्काजाम किया था। आरोप है कि इस दौरान एक निजी एंबुलेंस को जबरन रोक दिया गया, जिससे मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई।

एंबुलेंस चालक की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

कोतवाली पुलिस ने बताया कि निजी एंबुलेंस चालक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में चालक ने बताया कि वह एक मरीज को लेकर अस्पताल जा रहा था और खोकसा ओवरब्रिज के पास बाईं ओर स्थित एक नर्सिंग होम की ओर मुड़ना था। इसी दौरान जर्वे (च) गांव के सरपंच और अन्य लोगों द्वारा सड़क की खराब स्थिति को लेकर चक्काजाम किया जा रहा था। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस को आगे बढ़ने नहीं दिया, जिससे मरीज के इलाज में देरी हुई।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), धारा 126(2)
के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

भाजपा जिला पंचायत सदस्य भी शामिल

इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों में भाजपा जिला पंचायत सदस्य उमा राठौर भी शामिल थीं। इसके अलावा जर्वे (च) गांव के निवासी उत्तरा कश्यप, गोपाल कश्यप, व्यास टंडन, गिरधारी कश्यप, डंकेश्वर यादव, कमल कश्यप, योगेश कश्यप, संजय कुमार यादव और नायला जांजगीर निवासी अरमान मोहम्मद को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

विधायक की सफाई, फिर चक्काजाम की चेतावनी

गिरफ्तारी के बाद विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करना अपराध नहीं है। उन्होंने बताया कि खोकसा–पीथमपुर सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में है और सड़क निर्माण से जुड़ी फाइल मंत्रालय व वित्त विभाग में अटकी हुई है।
विधायक ने चेतावनी दी कि रेलवे ओवरब्रिज परियोजना को लेकर 15 दिन की समय-सीमा तय की गई है। यदि 6 मार्च तक काम शुरू नहीं हुआ, तो रेलवे क्रॉसिंग बंद कर दोबारा चक्काजाम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि करीब 30 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना अंतिम चरण में है, लेकिन सरकारी उदासीनता के चलते कार्य रुका हुआ है।

Youthwings