बाइक को पार्क कर सड़क पर ही सोया युवक, पेट्रोल टंकी फटने से बाइक जलकर खाक

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सर्वमंगला चौकी अंतर्गत ग्राम पड़निया में सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पेट्रोल टंकी फटने से बाइक पूरी तरह धू-धू कर जलने लगी। सबसे हैरानी की बात यह रही कि बाइक के पास ही चालक गहरी नींद में सोता हुआ था।

जानकारी के अनुसार, बाइक चालक मनीराम यादव सर्वमंगला की ओर से अपने गृह ग्राम पड़निया लौट रहा था। अत्यधिक शराब सेवन के कारण उसने रास्ते में बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं सो गया। इसी दौरान उसकी बाइक में आग लग गई। आग अपने आप लगी या किसी अन्य कारण से लगी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। चालक मनीराम यादव को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में सोने और बाइक की स्थिति को मुख्य वजह माना जा रहा है।

Youthwings