राजिम कुंभ में इवेंट कंपनी की बड़ी लापरवाही, आरु साहू समेत कलाकारों को नहीं मिला खाना, विधायक ने लगाई फटकार

राजिम कुंभ कल्प मेला 2026

राजिम कुंभ कल्प मेला 2026

राजिम। राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 में इवेंट कंपनी की लापरवाही और मनमानी लगातार सामने आ रही है। ताजा मामला रविवार देर रात का है, जब मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने आए राज्य स्तरीय कलाकारों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। इस घटना से कलाकारों में भारी नाराजगी देखी गई, वहीं मामला जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में आते ही तूल पकड़ने लगा।

कलाकारों के साथ दुर्व्यवहार, डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा

रविवार की रात मंच पर प्रस्तुति देने पहुंची कलाकार आरू साहू सहित अन्य कलाकारों को कार्यक्रम समाप्ति के बाद करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार कराया गया। हैरानी की बात यह रही कि इतने लंबे समय तक बैठाए रखने के बावजूद कलाकारों के लिए भोजन की कोई व्यवस्था नहीं की गई। यह व्यवहार कलाकारों के सम्मान और गरिमा के खिलाफ माना जा रहा है।

विधायक रोहित साहू ने अपनाया सख्त रुख

कलाकारों के साथ हुए इस दुर्व्यवहार की जानकारी मिलते ही राजिम विधायक रोहित साहू तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों और इवेंट कंपनी के प्रतिनिधियों से इस लापरवाही पर जवाब तलब किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और इवेंट कंपनी के कर्मचारियों को फटकार लगाई।

मानवीय पहल: निजी रेस्टोरेंट में खिलाया भोजन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक रोहित साहू ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। वे सभी कलाकारों को अपने साथ लेकर एक निजी रेस्टोरेंट पहुंचे और स्वयं उनके लिए भोजन की व्यवस्था कराई। इस दौरान विधायक ने कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और भविष्य में इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

“राजिम कुंभ प्रदेश की पहचान है” – विधायक

विधायक रोहित साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला आस्था, संस्कृति और छत्तीसगढ़ की पहचान से जुड़ा हुआ आयोजन है। इसकी गरिमा से किसी को भी खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कलाकारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इवेंट कंपनी पर मनमानी और अभद्रता के आरोप

यह पहला मामला नहीं है। इससे एक दिन पहले ही पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर अनावश्यक रोक-टोक, मनमानी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए थे। इस संबंध में विधायक से शिकायत की गई थी, जिसके बाद उन्होंने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अगले ही दिन कलाकारों को भोजन नहीं मिलने जैसी गंभीर लापरवाही सामने आ गई।

जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी पर उठे सवाल

इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं विधायक रोहित साहू का सख्त लेकिन संवेदनशील रवैया कलाकारों और आम जनता के बीच सराहना का विषय बना हुआ है।

अव्यवस्थाओं के विरोध में जनप्रतिनिधि धरने पर

राजिम कुंभ मेला 2026 में अव्यवस्थाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के विरोध में नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पुराने महोत्सव स्थल के पास शौचालय, स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई जा रही है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इवेंट कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने के बाद ही भुगतान किया जाए। उल्लेखनीय है कि यह दूसरा मौका है जब राजिम कुंभ में अव्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्रवासियों को धरना देना पड़ा है।

Youthwings