Chhattisgarh Morning News: कोरबा-अंबिकापुर दौरे पर सीएम साय, वेटलैंड दिवस पर विशेष आयोजन, छत्तीसगढ़ जीत से 121 रन दूर, बजट पर भूपेश का हमला

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कोरबा और अंबिकापुर दौरा, विश्व वेटलैंड्स दिवस पर राज्यभर में आयोजन, अंडर-23 क्रिकेट में छत्तीसगढ़ जीत से सिर्फ 121 रन दूर और केंद्र सरकार के बजट पर भूपेश बघेल का तीखा हमला। पूरी खबर एक नजर में।

कोरबा और अंबिकापुर के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोरबा और सरगुजा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12 बजे रायपुर से कोरबा के लिए रवाना होंगे और ग्राम रिस्ती में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2.25 बजे मुख्यमंत्री अंबिकापुर पहुंचेंगे, जहां माता राजमोहिनी देवी भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय शाम 5.30 बजे राजधानी रायपुर लौटेंगे।

आज राज्यभर में मनाया जाएगा विश्व वेटलैंड्स दिवस

छत्तीसगढ़ में आज विश्व वेटलैंड्स दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम “Wetlands and Traditional Knowledge: Celebrating Cultural Heritage” रखी गई है। इसका उद्देश्य वेटलैंड्स से जुड़े स्थानीय समुदायों की सांस्कृतिक परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान को सामने लाना है।

छत्तीसगढ़ राज्य वेटलैंड्स प्राधिकरण की ओर से राज्य के सभी वनमंडलों में बर्ड वॉक, स्कूली विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिताएं तथा वेटलैंड्स मित्रों और हितधारकों के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। प्राधिकरण अब तक राज्य के 44 प्रमुख वेटलैंड्स को अधिसूचित कर चुका है।

जीत के लिए छत्तीसगढ़ को बनाने होंगे 121 रन

रायपुर। बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के चार दिवसीय मुकाबले में छत्तीसगढ़ आज जीत के बेहद करीब है। चंडीगढ़ के सेक्टर-22 क्रिकेट मैदान में खेले जा रहे मैच के आखिरी दिन राज्य की टीम को जीत के लिए 121 रन बनाने होंगे।

पहली पारी में चंडीगढ़ ने 417 रन बनाए थे, जिसके जवाब में छत्तीसगढ़ ने 383 रन बनाकर मुकाबले को करीबी बना दिया। दूसरी पारी में चंडीगढ़ की टीम महज 143 रन पर सिमट गई। इसके बाद मिले 178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीसरे दिन के खेल तक छत्तीसगढ़ ने 12 ओवर में 2 विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। अब टीम को जीत के लिए 121 रन और बनाने हैं।

केंद्र सरकार का बजट शेखचिल्ली का शोरबा : भूपेश बघेल

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार के बजट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे “शेखचिल्ली का शोरबा” करार देते हुए कहा कि बजट से देश का हर वर्ग निराश है।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि बजट में महंगाई, बेरोजगारी और रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस प्रावधान नहीं है। मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और युवाओं के लिए कुछ भी नया नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार की गिरावट और निवेशकों का भरोसा टूटना मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की असफलता को दर्शाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं, युवाओं के रोजगार, खाद्य सब्सिडी, मनरेगा और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया है।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

दर्शन व संगोष्ठी:

पुरी के शंकराचार्य जी राजधानी रायपुर में रहेंगे। श्रीसुदर्शन संस्थानम् रावणभाठा द्वारा प्रातः 8 बजे और शाम 6 बजे संगोष्ठी व दर्शन का आयोजन किया जाएगा।

भागवत कथा:

रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम में पंडित अखिलेश शास्त्री (वृंदावन) द्वारा भागवत कथा का आयोजन, समय शाम 7 से रात 9 बजे तक।

योग कक्षा:

सत्यदर्शन योगाश्रम, सिविल लाइन में शाम 5 से 6 बजे तक योग क्लास का आयोजन होगा।

Youthwings