Colombia Plane Crash: कोलंबिया में भीषण विमान हादसा, सांसद समेत 15 लोगों की मौत, कोई भी जीवित नहीं बचा

Colombia Plane Crash: कोलंबिया में एक और दर्दनाक विमान हादसा सामने आया है। बुधवार, 28 जनवरी को वेनेजुएला सीमा के पास पहाड़ी इलाके में एक ट्विन-प्रोपेलर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें एक सांसद सहित सभी 15 लोगों की मौत हो गई। विमान में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका।

यह विमान कोलंबिया के सीमावर्ती शहर कुकुटा से उड़ान भरकर ओकाना जा रहा था। उड़ान की कुल अवधि मात्र 23 मिनट की थी, लेकिन लैंडिंग से कुछ समय पहले दोपहर करीब 5 बजे (1700 GMT) विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया।

इस विमान में 13 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। इसे कोलंबिया की सरकारी एयरलाइन SATENA द्वारा संचालित किया जा रहा था। यह एक ट्विन-इंजन (ट्विन-प्रोपेलर) विमान था, जिसमें दो प्रोपेलर लगे होते हैं और आमतौर पर ऐसे विमान छोटे और दुर्गम क्षेत्रों में उड़ान भरने के लिए उपयोग किए जाते हैं।

कोलंबियाई विमानन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि इस हादसे में “कोई भी जीवित नहीं बचा है।” फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

सरकार ने दुर्घटनास्थल पर खोज और राहत कार्य के लिए वायु सेना को तैनात किया है। यह क्षेत्र एंडीज पर्वत श्रृंखला की पूर्वी सीमा पर स्थित है, जहां मौसम तेजी से बदलता है और इलाका बेहद ऊबड़-खाबड़ व घने जंगलों से घिरा हुआ है। इसके अलावा आसपास के कुछ ग्रामीण इलाकों पर नेशनल लिबरेशन आर्मी (ELN) नामक गुरिल्ला संगठन का नियंत्रण भी बताया जा रहा है।

स्थानीय न्यूज मैगजीन सेमाना से बातचीत में नॉर्थ सेंटेंडर राज्य के गवर्नर विलियम विलामिजार ने बताया कि अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में कोलंबिया की चैंबर ऑफ डेप्युटीज के 36 वर्षीय सांसद डायोजनीज क्विंटेरो और आगामी चुनावों के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो भी शामिल हैं।

इस हादसे पर कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक जताते हुए लिखा कि उन्हें इस दुर्घटना से गहरा दुख पहुंचा है और वे मृतकों के परिवारों के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त करते हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 11 जनवरी को भी कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में एक चार्टर विमान हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।

Youthwings