Bangladesh T20 World Cup 2026: बांग्लादेश के सामने नई परेशानी, ICC ने लिया बड़ा फैसला, BCB भी असहाय

Bangladesh T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश के सामने एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेशी पत्रकारों को मिलने वाली मीडिया मान्यता प्रक्रिया की समीक्षा शुरू कर दी है। इस फैसले के बाद कई बांग्लादेशी पत्रकारों के आवेदन खारिज कर दिए गए हैं, जिससे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) भी असहज स्थिति में आ गया है।

दरअसल, ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 को कवर करने के इच्छुक बांग्लादेशी पत्रकारों के लिए मीडिया एक्रिडिटेशन प्रक्रिया पर दोबारा विचार कर रहा है। यह फैसला उस समय सामने आया है, जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत यात्रा न करने का निर्णय लिया था।

कई पत्रकारों के आवेदन हुए खारिज

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश से मीडिया मान्यता के लिए अत्यधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। करीब 80 से 90 बांग्लादेशी पत्रकारों ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए आवेदन किया था।

ICC सूत्रों का कहना है कि अनुरोधों की संख्या और टूर्नामेंट के शेड्यूल को देखते हुए सभी आवेदनों को स्वीकार करना संभव नहीं था। यहां तक कि अगर बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेती, तब भी इतनी बड़ी संख्या में पत्रकारों को मान्यता देना मुश्किल होता।

ICC के नियमों के अनुसार सीमित संख्या

ICC आमतौर पर मीडिया मान्यता के मामलों में संबंधित घरेलू क्रिकेट बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर फैसला लेती है। नियमों के अनुसार, किसी एक देश से 40 से अधिक पत्रकारों को मीडिया एक्रिडिटेशन नहीं दिया जा सकता। इसी नियम के तहत कई आवेदनों को अस्वीकार किया गया है।

BCB ने ICC से मांगा जवाब

इस पूरे मामले पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC के सामने आपत्ति दर्ज कराई है। बीसीबी के मीडिया मैनेजर अमजद हुसैन ने बताया कि ICC का फैसला हाल ही में सामने आया है और बोर्ड ने इस पर विस्तृत जानकारी मांगी है।

अमजद हुसैन ने कहा कि यह मामला गोपनीय है, लेकिन BCB यह जानना चाहता है कि आखिर किन कारणों से पत्रकारों के आवेदन खारिज किए गए। फिलहाल इस फैसले को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं।

नए सिरे से करना होगा आवेदन

ICC के फैसले के बाद अब बांग्लादेशी पत्रकारों को दोबारा आवेदन करना होगा। इन नए आवेदनों का मूल्यांकन एक-एक करके किया जाएगा।

गौरतलब है कि ICC के आकलन में भारत यात्रा को लेकर बांग्लादेशी टीम के लिए किसी तरह का सुरक्षा खतरा नहीं था। इसके बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत जाने से इनकार कर दिया था, जिसका असर अब मीडिया मान्यता प्रक्रिया पर भी साफ नजर आ रहा है।

Youthwings