नाचा कार्यक्रम में नोट उड़ाता दिखा रोजगार सहायक, वायरल वीडियो पर मचा बवाल

कोरिया। कुछ दिनों पहले ‘कला प्रदर्शन’ के नाम पर वायरल हुए वीडियो ने प्रदेशभर में काफी चर्चा बटोरी थी। अब कोरिया जिले के ग्राम पंचायत पोड़ी से सामने आया एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ग्रामीण रोजगार सहायक नाचा कार्यक्रम के दौरान खुलेआम नोट उड़ाते हुए नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोनहत ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में शुक्रवार रात नाचा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें पोड़ी में पदस्थ रोजगार सहायक जिंदल साय मंच के सामने बैठकर कार्यक्रम का आनंद लेते हुए कलाकारों पर जमकर पैसे लुटाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जांच और कार्रवाई की उठी मांग

वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह का आचरण अनुशासनहीनता को दर्शाता है। अब मामले में जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि इससे पहले गरियाबंद और सूरजपुर जिलों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर अश्लील वीडियो वायरल हो चुके हैं। उन मामलों में मंच से खुलेआम अश्लील प्रदर्शन किया गया था, जिसे लेकर प्रशासन ने कार्रवाई भी की थी। अब कोरिया जिले का यह वीडियो भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

Youthwings