Bastar Protest News: पंद्रहवें वित्त की राशि को लेकर बस्तर में उबाल, 33 गांवों के सरपंचों ने नेशनल हाईवे किया जाम
Bastar Protest News: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पंद्रहवें वित्त आयोग की लंबित राशि को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। किलेपाल क्षेत्र में 33 गांवों के सरपंचों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
गांवों में विकास कार्य पूरी तरह ठप
प्रदर्शन कर रहे सरपंचों का कहना है कि बीते एक वर्ष से जनपद पंचायत के माध्यम से विकास कार्यों की राशि जारी नहीं की गई है। इसके चलते गांवों में नालियों की मरम्मत, सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और बिजली से जुड़े कई जरूरी काम पूरी तरह ठप पड़े हैं।
अमृत जल मिशन भी प्रभावित
सरपंच संघ के अध्यक्ष ने बताया कि पंद्रहवें वित्त की राशि नहीं मिलने से अमृत जल मिशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी अधर में लटके हुए हैं। पंचायतों के पास बोरिंग कराने, सड़कों पर मुरूम डालने और अन्य बुनियादी जरूरतों के लिए एक रुपया तक उपलब्ध नहीं है।
कई बार दी गई शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
सरपंचों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
कांग्रेस का समर्थन, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
चक्का जाम को कांग्रेस पार्टी ने भी समर्थन दिया और इसे ग्रामीण विकास के साथ अन्याय बताया। सरपंचों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक लंबित राशि जारी नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
