Chhattisgarh Morning News: जशपुर दौरे पर CM साय, आज होगा चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन, रायपुर साहित्य महोत्सव का दूसरा दिन, आंदोलन को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार से जशपुर जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत वह रायपुर के तूता क्षेत्र से करेंगे, जहां नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का भूमिपूजन कर आधारशिला रखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जशपुर के लिए रवाना होंगे मुख्यमंत्री

समापन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2 बजे हेलीकॉप्टर से जशपुर जिले के लिए रवाना होंगे। वहां कोतबा में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम गृह ग्राम बगिया में प्रस्तावित है।

चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन आज

नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-23, माना-तूता में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्रायबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन आज सुबह 11.30 बजे किया जाएगा। राज्य में फिल्म टूरिज्म की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन परियोजनाओं को केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की विशेष सहायता योजना के तहत मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

सड़क सुरक्षा सप्ताह का होगा समापन

राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन आज पं. दीनदयाल सभागार में होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और सड़क सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की पहलों पर प्रकाश डालेंगे।

रायपुर साहित्य महोत्सव का आज दूसरा दिन

नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित रायपुर साहित्य महोत्सव का आज दूसरा दिन है। महोत्सव के दौरान देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष काव्य-पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस साहित्यिक आयोजन में देशभर से 120 से अधिक ख्यातिनाम साहित्यकार, कवि और लेखक भाग ले रहे हैं।

आंदोलनों को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला

नवा रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों, मध्यान्ह भोजन रसाइयों और सीएएफ अभ्यर्थियों के आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों और ‘मोदी की गारंटी’ से भाजपा सरकार पीछे हट गई है।

उन्होंने कहा कि अनियमित कर्मचारियों को 100 दिन में नियमित करने का वादा किया गया था, लेकिन अब सरकार अपने वादों से मुकर गई है। सीएएफ अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान कथित तौर पर पुलिसिया कार्रवाई और एक महिला अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर एम्बुलेंस को रोके जाने का भी आरोप लगाया गया है।

महिलाओं के आंदोलनों की अनदेखी का आरोप

कांग्रेस का कहना है कि डीएड अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्तियां नहीं दी जा रही हैं। मध्यान्ह भोजन रसोइयों को केवल 66 रुपये मजदूरी दी जा रही है और वे न्यूनतम मजदूरी की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारियों में अधिकांश महिलाएं हैं, जो ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों से आकर कड़ाके की ठंड में धरना देने को मजबूर हैं।

मंत्री जायसवाल का एमसीबी जिले का दौरा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वह ग्राम पंचायत लाई में आयोजित ‘विकसित भारत जी राम जी’ कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसके बाद ग्राम पंचायत मेरो में कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

रायपुर में आज सुभाषचंद्र बोस जयंती के अवसर पर महाकोशल कला परिषद द्वारा महाकोशल आर्ट गैलरी में कला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जो शाम 5 से रात 7 बजे तक चलेगी।

वहीं सिविल लाइन स्थित सत्यदर्शन योगाश्रम में शाम 5 से 6 बजे तक योग कक्षा आयोजित होगी।

इसके अलावा, पीएससी की राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विकास परिषद द्वारा टिकरापारा स्थित नूतन स्कूल में शाम 5 से रात 9 बजे तक निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।

Youthwings