IND vs NZ Raipur T20 Match Highlights: रायपुर के 100वें टी-20 में भारत की ऐतिहासिक जीत, सूर्या-ईशान का तूफान, टूटे कई बड़े रिकॉर्ड

IND vs NZ Raipur T20 Match Highlights: रायपुर में खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। यह मुकाबला भारत के लिए घरेलू मैदान पर खेला गया 100वां अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच भी था, जिसे टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत के साथ यादगार बना दिया।

कप्तान सूर्यकुमार यादव और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ इशान किशन की विस्फोटक पारियों के दम पर भारत ने 208 रन के बड़े लक्ष्य को महज 15.2 ओवर में हासिल कर लिया। 28 गेंद शेष रहते मिली यह जीत टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए अब तक की सबसे बड़ी जीत बन गई।

सूर्यकुमार यादव ने दिखाई कप्तानी पारी

टी20 विश्व कप से पहले लय में लौटते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 23 पारियों से चले आ रहे अपने अर्धशतक के सूखे को खत्म किया। उन्होंने 37 गेंदों में नाबाद 82 रन की पारी खेली, जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल रहे। सूर्या ने तीसरे विकेट के लिए इशान किशन के साथ 49 गेंदों में 122 रन की अहम साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

ईशान किशन की तूफानी वापसी

राष्ट्रीय टीम में वापसी को सही साबित करते हुए इशान किशन ने 32 गेंदों में 76 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 11 चौके और चार छक्के शामिल रहे। इशान ने शुरुआती झटकों के बावजूद आक्रामक बल्लेबाजी कर भारतीय पारी को संभाला और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया।

208 रन का लक्ष्य भी नहीं बना चुनौती

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और छह रन पर दो विकेट गिर गए, लेकिन इसके बाद इशान और सूर्या ने पावरप्ले में ही 75 रन जोड़कर मैच को भारत की पकड़ में ला दिया। इशान के आउट होने के बाद शिवम दुबे ने भी 18 गेंदों में नाबाद 36 रन की तेज पारी खेली और सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर टीम को आसानी से जीत दिला दी।

न्यूजीलैंड की पारी पर कुलदीप का असर

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को छह विकेट पर 208 रन पर रोका। मध्य ओवरों में कुलदीप यादव ने दो अहम विकेट लेकर रन गति पर लगाम लगाई। न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने 44 रन बनाए, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद 47 रन की पारी खेली। अंतिम ओवरों में सैंटनर की आक्रामक बल्लेबाजी के बावजूद न्यूजीलैंड का स्कोर भारत के लिए चुनौतीपूर्ण साबित नहीं हो सका।

100वां घरेलू टी-20 भारत के नाम

यह मुकाबला भारत के लिए घरेलू मैदान पर खेला गया 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था। घर पर सबसे ज्यादा टी20 खेलने के मामले में न्यूजीलैंड पहले स्थान पर है, वेस्टइंडीज दूसरे और भारत 100 मैचों के साथ तीसरे स्थान पर है। रायपुर में मिली इस जीत ने भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।

Youthwings