बीजापुर: नक्सलियों ने दिनदहाड़े पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या की, गांव में दहशत का माहौल
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नक्सलियों ने दिनदहाड़े गांव के पूर्व सरपंच भीमा मड़कम की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात पामेड़ थाना क्षेत्र के कावरगट्टा गांव में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने गांव के खेत में काम कर रहे लोगों के बीच पहुंचकर पूर्व सरपंच भीमा मड़कम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगते ही भीमा मड़कम की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर नक्सली घटनास्थल से फरार हो गए। हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि भीमा मड़कम आज ही दंतेवाड़ा जिले के बचेली से अपने गांव लौटे थे। इससे पहले भी उन पर नक्सलियों ने हमला किया था, लेकिन तब वे बाल-बाल बच गए थे। इस बार नक्सली अपने मंसूबों में सफल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। अभी तक नक्सलियों की ओर से कोई पर्चा या दावा नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस इसे नक्सली हमले के रूप में देख रही है।
