Chhattisgarh Morning News: मौसम में उतार-चढ़ाव जारी, कैबिनेट बैठक आज, रायपुर में पुलिस कमिश्नरी पर फैसला संभव
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में मौसम और सियासत—दोनों ही आज सुर्खियों में हैं। एक ओर पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज होने वाली साय कैबिनेट की अहम बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को लेकर बड़ा फैसला संभव माना जा रहा है।
CG Weather Update: अगले दो दिनों तक गिरेगा तापमान
राज्य में एक के बाद एक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण रात के तापमान में हल्का उछाल देखने को मिल रहा है। न्यूनतम तापमान फिलहाल अधिकांश जिलों में 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर 3 डिग्री तक बढ़ने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। माना और दुर्ग को छोड़ दें तो किसी भी स्टेशन का तापमान सामान्य से काफी नीचे नहीं गया। दिन के समय अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और कड़ाके की ठंड लौटने के आसार कम हैं।
साय कैबिनेट की अहम बैठक आज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कई नीतिगत और प्रशासनिक प्रस्तावों पर चर्चा होगी। सबसे अहम एजेंडे में रायपुर पुलिस कमिश्नरी प्रणाली से जुड़ा प्रस्ताव शामिल है, जिस पर अंतिम मुहर लग सकती है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में रायपुर और नवा रायपुर को मिलाकर पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र तय करने को लेकर सहमति बन सकती है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो पुलिस आयुक्त को मजिस्ट्रेटी अधिकार मिलेंगे, जिससे कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। मंजूरी के बाद राज्य सरकार इसकी अधिसूचना जारी करेगी।
कैबिनेट बैठक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल के अभिभाषण के मसौदे को भी मंजूरी दी जा सकती है। इसमें सरकार की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों का खाका प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में धान खरीदी, धान के उठाव और स्टॉक मिलान से जुड़ी गड़बड़ियों की भी समीक्षा की जाएगी। किसानों से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए कैबिनेट सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दे सकती है, ताकि भुगतान प्रक्रिया और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री साय आज कैबिनेट बैठक के बाद कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इनमें श्रीमंत शंकरदेव शोधपीठ का लोकार्पण, शहीद गैंदसिंह शहादत दिवस कार्यक्रम, पुलिस मितान सम्मेलन और RADA AUTO-EXPO 2026 का शुभारंभ शामिल है।
