डीएसपी कल्पना वर्मा-दीपक टंडन विवाद: 1475 पेज की जांच रिपोर्ट तैयार, व्हाट्सएप चैट में खुफिया जानकारी लीक होने का खुलासा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला डीएसपी कल्पना वर्मा और रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े विवाद में जांच के दौरान कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। सरकार के निर्देश पर एडिशनल एसपी स्तर पर कराई गई जांच की करीब 1475 पेज की रिपोर्ट तैयार हो चुकी है, जिसे जल्द ही शासन को सौंपा जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में कई अहम खुलासे किए गए हैं।

 

व्हाट्सएप चैट में खुफिया जानकारी लीक

जांच में डीएसपी कल्पना वर्मा और दीपक टंडन के बीच हुई व्हाट्सएप चैट सामने आई हैं। इन चैट में पुलिस विभाग से जुड़ी संवेदनशील और खुफिया जानकारियां साझा करने का उल्लेख मिला है। विशेषज्ञों के अनुसार, इनमें माओवाद प्रभावित क्षेत्रों से जुड़ी सूचनाएं भी शामिल हैं। इस तरह की खुफिया जानकारी का लीक होना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है।

 

कारोबारी दीपक टंडन के आरोप

कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से डीएसपी कल्पना वर्मा ने कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। आरोपों में करीब 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने, अन्य महंगे उपहार शामिल हैं।

 

टंडन का दावा है कि शिकायत के बावजूद कार और ज्वेलरी अब तक वापस नहीं की गई। इसके अलावा, डीएसपी के भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने करोड़ों रुपये वसूलने के आरोप भी लगे हैं, जिसकी अलग से जांच की मांग की जा रही है।

 

डीएसपी कल्पना वर्मा का पक्ष

डीएसपी कल्पना वर्मा ने सभी आरोपों को झूठा, बेबुनियाद और साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं और जांच रिपोर्ट में सत्य सामने आएगा।

अगली कार्रवाई

फिलहाल, पुलिस की जांच पूरी हो चुकी है। डीएसपी कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन की कल कोर्ट में पेशी होगी, जहां दोनों पक्ष अपनी बात रखेंगे। अब सरकार इस जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगी। मामले में दोनों पक्षों के बयानों और सबूतों की जांच के बाद ही अंतिम फैसला होगा।

Youthwings