Silver Rate Today: रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंची चांदी, क्या ट्रेड वॉर की आहट से आई भारी तेजी?

Silver Rate Today: चांदी की कीमतों ने आज नया इतिहास रच दिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी पहली बार 3 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार करते हुए 3,03,500 रुपये के नए पीक पर पहुंच गई। एक ही दिन में 5 प्रतिशत से ज्यादा की इस जबरदस्त तेजी ने निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों का ध्यान खींच लिया है।

मार्केट खुलते ही चांदी के दामों में लगातार तेजी देखने को मिली और कुछ ही घंटों में यह अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर स्पॉट सिल्वर की कीमत 93.055 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई है।

पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को MCX पर चांदी 2,87,701 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन सोमवार को ओपनिंग के साथ ही इसमें तेज उछाल आया। देश के प्रमुख शहरों में भी चांदी के दाम आसमान छूते नजर आए। चेन्नई में चांदी 3,18,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई, जबकि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में इसके भाव करीब 3,05,000 रुपये प्रति किलो दर्ज किए गए।

विशेषज्ञों के अनुसार, चांदी की कीमतों में आई यह तेज रैली घरेलू कारणों से ज्यादा वैश्विक अनिश्चितताओं से जुड़ी हुई है। अमेरिका और यूरोपीय देशों के बीच बढ़ती ट्रेड वॉर की आशंका ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर मोड़ दिया है।

दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ग्रीनलैंड को लेकर दिए गए बयान और यूरोप के कई देशों पर भारी टैरिफ लगाने की धमकी के बाद वैश्विक बाजारों में तनाव बढ़ गया है। इसके जवाब में यूरोपीय देश भी अमेरिका के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं, जिससे ग्लोबल मार्केट में अस्थिरता का माहौल बन गया है।

ऐसे समय में निवेशक शेयर बाजार और क्रिप्टोकरेंसी जैसे जोखिम भरे निवेश से दूरी बनाकर सोना-चांदी जैसे सुरक्षित विकल्पों में पैसा लगा रहे हैं। यही वजह है कि आज चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक तेजी देखने को मिली है। बाजार जानकारों और ब्रोकरेज फर्मों का कहना है कि इस तेजी के संकेत पहले से ही मिल रहे थे।

हालांकि, जहां एक ओर निवेशकों के लिए यह मुनाफे का मौका है, वहीं दूसरी ओर आम उपभोक्ताओं के लिए बढ़ती कीमतें चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

Youthwings