बीजापुर नेशनल पार्क मुठभेड़: 27 लाख के इनामी 6 नक्सली ढेर, 4 महिला शामिल

बीजापुर नेशनल पार्क मुठभेड़

बीजापुर नेशनल पार्क मुठभेड़

बीजापुर: जिले स्थित नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच दो दिनों तक चली मुठभेड़ में जवानों ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान 4 महिला नक्सलियों समेत कुल 6 माओवादियों को मार गिराया गया। मारे गए नक्सलियों पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

27 लाख के इनामी नक्सली हुए ढेर

सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मारे गए नक्सलियों की प्रारंभिक पहचान हो चुकी है। इनमें 8 लाख का इनामी डीवीसीएम दिलीप बेड़जा, 5-5 लाख की इनामी एसीएम माड़वी कोसा, पालो पोड़ियम और लक्खी मड़काम शामिल हैं। वहीं 2-2 लाख के इनामी पीएम जुगलो बंजाम और राधा मेट्टा भी मुठभेड़ में मारे गए। दिलीप बेड़जा के खिलाफ बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में 135 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा था।

मुठभेड़ में चार जवान घायल

इस अभियान के दौरान चार जवान घायल हुए हैं। इनमें दो जवान स्प्लिंटर से घायल हुए, जबकि एक जवान भालू के हमले और दूसरा जवान वन भैंसे के हमले में घायल हुआ। सभी घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

बस्तर आईजी का बयान

बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि निरंतर आसूचना आधारित अभियानों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बस्तर क्षेत्र में माओवादी प्रभाव तेजी से खत्म हो रहा है। उन्होंने शेष बचे माओवादी कैडरों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की। आईजी ने बताया कि वर्ष 2025 में बीजापुर जिले में 163 माओवादी मारे गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 8 नक्सली ढेर किए जा चुके हैं।

हथियारों की बड़ी बरामदगी

मुठभेड़ स्थल से एके-47, इंसास, कार्बाइन और .303 राइफल समेत कुल 6 ग्रेडेड हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।

 

Youthwings