धान खरीदी में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: 12 जिलों में 38 कर्मचारियों पर गाज, 31 निलंबित, FIR भी दर्ज…
धान खरीदी
रायपुर : राज्य में चालू खरीफ विपणन वर्ष के दौरान समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी में अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। धान उपार्जन कार्य से जुड़े 38 कर्मचारियों और समिति प्रबंधकों पर कार्रवाई की गई है।
इनमें 31 कर्मचारियों को निलंबित, एक की सेवा समाप्त, दो को सेवा से पृथक, एक को कार्य से पृथक किया गया है, जबकि तीन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह कार्रवाई प्रदेश के 12 जिलों में की गई है।
इन जिलों में हुई कार्रवाई
कार्रवाई दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सक्ती, जगदलपुर, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में की गई है।
निरीक्षण में सामने आईं कई तरह की गड़बड़ियां
खाद्य विभाग के अनुसार निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें—
स्कंध में कमी के 5 मामले
स्कंध अधिक और अव्यवस्थित स्टेकिंग के 3 मामले
नीति विपरीत कार्य और निर्देशों के उल्लंघन के 4 मामले
अमानक धान खरीदी के 5 मामले
धान खरीदी में अनियमितता के 11 मामले
अवकाश के दिन खरीदी के 3 मामले
फर्जी खरीदी, टोकन गड़बड़ी, बिना आवक पर्ची, अवैध वसूली और अव्यवस्था के अलग-अलग मामले
बारदाना वितरण में अनियमितता के 2 मामले
दुर्ग जिले में भौतिक सत्यापन में गड़बड़ी
दुर्ग जिले में भौतिक सत्यापन के दौरान स्कंध में गड़बड़ी पाए जाने पर झीट, गोढ़ी, खिलोराकला, कन्हारपुर, ठेंगाभाट और मुरमुंदा उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधक एवं प्रभारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
इसके अलावा सेलूद केंद्र के सहायक समिति प्रबंधक और भृत्य को नीति विपरीत कार्य के आरोप में निलंबित किया गया।
अमानक और फर्जी धान खरीदी पर कार्रवाई
बेमेतरा जिले में अमानक धान खरीदी के मामलों में बोरतरा और गाडाडी उपार्जन केंद्रों के प्रभारी अधिकारी एवं फड प्रभारी निलंबित किए गए हैं।
मऊ उपार्जन केंद्र के सहायक समिति प्रबंधक के खिलाफ फर्जी धान खरीदी पर निलंबन और FIR दर्ज की गई है।
कबीरधाम जिले में कुकदूर केंद्र के समिति प्रबंधक के विरुद्ध स्कंध में कमी पाए जाने पर निलंबन के साथ FIR दर्ज हुई है।
टोकन और अवकाश के दिन खरीदी पर गाज
बिलासपुर जिले में खराब धान खरीदी और बोरा कमी के मामलों में निलंबन और FIR दर्ज की गई है।
जांजगीर-चांपा जिले में छुट्टी के दिन धान खरीदी और टोकन में अनियमितता के चलते भृत्य, कंप्यूटर ऑपरेटर और चौकीदार को निलंबित किया गया है।
बिना आवक पर्ची खरीदी पर सेवा से पृथक
रायगढ़ जिले में धान खरीदी में अनियमितता के मामलों में चार सहायक समिति प्रबंधकों को निलंबित किया गया है।
सक्ती जिले में बिना आवक पर्ची धान खरीदी के मामले में कांसा उपार्जन केंद्र प्रभारी को सेवा से पृथक कर दिया गया।
जगदलपुर जिले में भी दो समिति प्रबंधकों को अनियमितता के चलते निलंबित किया गया है।
