महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का आदेश जारी, जानिए कब से मिलेगा लाभ?

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रदेश अधिवेशन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) बढ़ोतरी की घोषणा पर सरकार ने अब औपचारिक मुहर लगा दी है। घोषणा के तीन दिन बाद ही वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राज्य शासन के सभी कर्मचारियों को 1 सितंबर 2025 से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। सातवें वेतनमान के अंतर्गत कर्मचारियों को अब 55 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता दिया जाएगा, जबकि छठवें वेतनमान के कर्मचारियों को 252 प्रतिशत DA स्वीकृत किया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते की गणना केवल मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते की राशि का भुगतान जनवरी 2026 से किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले से राज्य के कर्मचारियों में संतोष देखा जा रहा है। बढ़ती महंगाई के बीच DA में की गई यह वृद्धि कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को कुछ हद तक राहत प्रदान करेगी।

Youthwings