Amit Baghel Arrested: बलौदाबाजार हिंसा मामले में क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल गिरफ्तार, रायपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया जा रहा
Amit Baghel Arrested : छत्तीसगढ़ से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। आगजनी और हिंसा से जुड़े बलौदाबाजार मामले में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, अमित बघेल को रायपुर केंद्रीय जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बलौदाबाजार लाया जा रहा है। बलौदाबाजार पुलिस उन्हें सीधे न्यायालय में पेश करेगी।
यह गिरफ्तारी बलौदाबाजार में हुई आगजनी और हिंसा की घटना की जांच के तहत की गई है। पुलिस पहले ही इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक कुल 201 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
गौरतलब है कि अमित बघेल पहले से ही विवादित बयानों के चलते रायपुर जेल में बंद हैं। महाराजा अग्रसेन और सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा, सिविल लाइन और देवेंद्र नगर थानों में कई एफआईआर दर्ज की गई थीं।
बताया जाता है कि 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने के मुद्दे पर दिए गए बयान के दौरान अमित बघेल ने अग्रसेन महाराज और भगवान झूलेलाल को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद अग्रवाल और सिंधी समाज में भारी आक्रोश फैल गया और प्रदेश सहित देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए।
अमित बघेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ में कुल 13 एफआईआर दर्ज हैं, जबकि राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, झारखंड समेत 12 राज्यों में भी उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है।
