पुलिस में 5500 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती शुरू, आवेदन 25 जनवरी तक
पुलिस में 5500 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती
हरियाणा पुलिस में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुलिस कॉन्स्टेबल के कुल 5500 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती में आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही मैट्रिक स्तर पर हिंदी या संस्कृत विषय का अध्ययन किया होना चाहिए।
आयु सीमा 1 जनवरी 2026 के अनुसार न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। सभी आवेदकों के लिए CET ग्रुप-C परीक्षा पास होना जरूरी है।
पदों का विवरण
भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 5500 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें 4500 पद मेल कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी), 600 पद फीमेल कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी), 400 पद मेल कॉन्स्टेबल (रेलवे पुलिस) शामिल हैं।
आवेदन शुल्क पूरी तरह निशुल्क
इस भर्ती की खास बात यह है कि किसी भी श्रेणी के उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। सभी अभ्यर्थी बिना किसी फीस के आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को HSSC के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर पहले नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर आवेदन फॉर्म पूरा करना होगा। फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले CET मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) के लिए बुलाया जाएगा। ये दोनों चरण क्वालिफाइंग होंगे। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को नॉलेज टेस्ट देना होगा। सभी चरणों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
read more : गरियाबंद में ओपेरा की आड़ में अश्लील डांस : आयोजक गिरफ्तार, SDM को नोटिस, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच…
