राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी: अनिल जैन बोले- ‘पदेन शिक्षामंत्री ही अध्यक्ष’, सीएम साय ने कहा- ‘बालोद बना भारत की युवा शक्ति का नया केंद्र’…
राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी
बालोद: जिला आज देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा और गौरव का केंद्र बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ग्राम दुधली में 9 से 13 जनवरी तक आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में देश-विदेश से आए करीब 15 हजार रोवर-रेंजर सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सशक्त प्रदर्शन कर रहे हैं।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह ऐतिहासिक जंबूरी छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। जंबूरी के दौरान राष्ट्रीय स्तर की कैंपिंग, रोवर-रेंजर प्रशिक्षण, सांस्कृतिक संध्याएं और सामुदायिक सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से युवा अनुशासन, सेवा और नेतृत्व जैसे मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को आत्मसात कर रहे हैं।
विकसित भारत की नींव है आत्मविश्वासी युवा: सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बालोद की धरती पर उमड़ा यह उत्साह भारत की भावी पीढ़ी की ऊर्जा, संकल्प और समर्पण को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के खेल, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
सीएम साय ने विश्वास जताया कि अनुशासित, प्रशिक्षित और आत्मविश्वासी युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी। उन्होंने जंबूरी में भाग ले रहे सभी रोवर-रेंजरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका सेवा भाव छत्तीसगढ़ का नाम देश-दुनिया में और ऊंचा करेगा।
अध्यक्ष पद को लेकर उठा विवाद, नेशनल अध्यक्ष ने किया स्पष्ट
पांच दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के उद्घाटन समारोह में नेशनल स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन ने अध्यक्ष पद को लेकर उठे विवाद पर स्थिति स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के नियमों के अनुसार राज्य के शिक्षा मंत्री ही स्काउट-गाइड राज्य परिषद के पदेन अध्यक्ष होते हैं।
READ MORE : सोने की परतों पर लिखी भगवद गीता: 18 अध्याय और 700 श्लोक सोने में उकेरे…
विवाद पर लगा पूर्ण विराम
जंबूरी आयोजन को लेकर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा स्वयं को स्काउट-गाइड राज्य परिषद का अध्यक्ष बताते हुए कार्यक्रम रद्द करने की मांग की गई थी, जिससे विवाद खड़ा हो गया था।
इस पर अनिल जैन ने स्पष्ट किया कि शासन के नोटिस के बाद अब गजेंद्र यादव वर्तमान अध्यक्ष हैं। इस आधिकारिक बयान के बाद पूरे मामले पर विराम लग गया और स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई।
जंबूरी स्थल पर दिखा उत्साह, नहीं पड़ा विवाद का असर
विवादों के बावजूद जंबूरी मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा। देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए करीब 15 हजार रोवर-रेंजर जंबूरी में शामिल हुए। विभिन्न कैंप गतिविधियों, प्रशिक्षण सत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जंबूरी की शुरुआत भव्य और सफल रही।
