राजनांदगांव और बिलासपुर जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और बिलासपुर जिला न्यायालय को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी न्यायालय की शासकीय ई-मेल आईडी पर भेजी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एहतियातन दोनों न्यायालय परिसरों को तत्काल खाली करा लिया गया। वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अचानक की गई इस कार्रवाई से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धमकी को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं। फिलहाल धमकी देने वाले की पहचान और ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है और जांच जारी है।
