मितानिनों की प्रोत्साहन राशि लंबित: 3 जनवरी तक भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी…
मितानिनों की प्रोत्साहन राशि लंबित
कांकेर: जिले में कार्यरत मितानिनें लंबे समय से प्रोत्साहन राशि के भुगतान में हो रही देरी के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रही हैं। इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ मितानिन नागरिक जागरूक संस्था, जिला कांकेर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल लंबित राशि का भुगतान करने की मांग की है। संस्था ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 3 जनवरी 2026 तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो मितानिन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।
बिना भुगतान के लगातार काम लिया जा रहा :
संस्था की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि बीते एक वर्ष से मितानिनों को समय पर प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पा रही है। कई मितानिनों से बिना भुगतान के लगातार काम लिया जा रहा है, जबकि अन्य विभागों के कर्मचारियों को उसी कार्य के लिए नियमित भुगतान किया जा रहा है। पिछले चार महीनों से राज्यांश और केंद्रांश दोनों ही मदों की प्रोत्साहन राशि लंबित है और सिस्टम अपडेट का हवाला देकर भुगतान टाला जा रहा है।
समय-सीमा में भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी :
मितानिन नागरिक जागरूक संस्था का कहना है कि भुगतान की कोई निश्चित तिथि तय नहीं होने के कारण मितानिनों को आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनका पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। संस्था ने मांग की है कि 3 जनवरी 2026 तक राज्यांश और केंद्रांश सहित सभी लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाए। तय समय-सीमा में भुगतान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
