धर्मांतरित महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने दफनाने से रोका
धमतरी। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर एक नया विवाद धमतरी जिले के नगरी में सामने आया है। बोराई निवासी साहू समाज की एक बुजुर्ग महिला, जिन्होंने कुछ समय पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाया था, की अचानक मृत्यु हो गई। जब परिजन गांव में ही उनका अंतिम संस्कार करने पहुंचे, तो ग्रामीणों ने शव दफनाने से रोक दिया और विरोध शुरू कर दिया।
गड्ढा खोदते समय उठा विरोध
गुरुवार को मृतका के परिवार के लोग नगरी की एक शराब दुकान के पीछे शव दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र के ग्रामीण और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शव को गांव में दफन करने का कड़ा विरोध किया। इससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस-प्रशासन मौके पर, बातचीत जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। फिलहाल मृत महिला के परिजनों ने प्रस्ताव रखा है कि अब वे हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार ही अंतिम संस्कार करेंगे। पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने और शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।
