Karnataka Chitradurga Bus Accident: कर्नाटक के चित्रदुर्ग में कैसे हुआ भीषण सड़क हादसा की चली गई 12 जानें, पढ़िए पूरा मामला

Karnataka Chitradurga Bus Accident: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे-48 पर गोरलाट्टू क्रॉस के पास रात करीब 2 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक प्राइवेट लग्जरी स्लीपर बस तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। बताया गया कि ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चला गया और बस से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

बस में कुल 32 यात्री सवार थे। हादसे के समय अधिकतर यात्री सो रहे थे, जिससे कुछ लोगों को बाहर निकलने में कठिनाई हुई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में ट्रक चालक की भी मौत हो गई है। ट्रक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी कुलदीप के रूप में हुई है।

घायलों में से 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें हिरियुर तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आठ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज तुमकुरु के अस्पताल में चल रहा है। बस के चालक और क्लीनर सुरक्षित बताए गए हैं क्योंकि टक्कर बस के पिछले हिस्से में हुई थी।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक चालक की लापरवाही बताया गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

Youthwings