चैतन्य बघेल पर आरोप को लेकर भूपेश बघेल बोले—एजेंसियां पहले तय करें 3 हजार या साढ़े 3 हजार करोड़…
भूपेश बघेल
रायपुर : छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले में चैतन्य बघेल के खिलाफ पेश किए गए चालान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एजेंसियां पहले यह स्पष्ट करें कि मामला आखिर 2 हजार करोड़, 3 हजार करोड़ या 3500 करोड़ रुपये का है, क्योंकि आरोपों की राशि बार-बार बदल रही है।
‘आरोपों के आंकड़े कभी बढ़ते, कभी घटते’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियों द्वारा अब तक लगभग 200 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है, जो पूरी तरह पैतृक संपत्ति है। उन्होंने यह भी दावा किया कि चैतन्य बघेल का नाम पहले की 7 चार्जशीट में नहीं था, जबकि अब आठवीं चार्जशीट में नाम जोड़ा गया है।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि केवल दो व्यक्तियों के आपसी व्हाट्सएप चैट के आधार पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि इसका मकसद उन्हें, उनके परिवार और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करना है।
‘मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश’
पूर्व मुख्यमंत्री ने रायपुर में हाल ही में हुई पुलिस कार्रवाई पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हुई हिंसा की घटना के बाद राजधानी रायपुर में अभियान चलाकर 100 लोगों को हिरासत में लिया गया, जो मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
‘ये सभी स्थानीय लोग हैं’
भूपेश बघेल ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोग यहीं के निवासी हैं और हज यात्रा पर जाने की तैयारी में थे। उनका कहना है कि हज के दौरान मोबाइल नेटवर्क सीमित होने के कारण कुछ लोगों ने अन्य ऐप्स का उपयोग किया, जिसके आधार पर उन्हें बांग्लादेशी या रोहिंग्या मान लिया गया, जो पूरी तरह गलत है।
read more : छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को बिना प्रीमियम मिलेगा 1.60 करोड़ तक का बीमा, राज्य सरकार और SBI के बीच समझौता
