CAF कैंप में सोते जवान की गोली मारकर हत्या, साथी जवान गिरफ्तार…

CAF कैंप

CAF कैंप

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में स्थित घाघरा गांव के छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) बटालियन कैंप से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बीती रात कैंप में पदस्थ एक CAF जवान की उसी के साथी जवान ने गोली मारकर हत्या कर दी।

गहरी नींद में सोते समय की गई हत्या

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी था और खैरागढ़ जिले के घाघरा CAF कैंप में तैनात था। बताया जा रहा है कि कैंप में ही पदस्थ अरविंद गौतम से उसकी लंबे समय से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।

बीती रात सोनवीर कैंप में आकर सोया हुआ था। जैसे ही वह गहरी नींद में गया, आरोपी अरविंद गौतम ने मौके का फायदा उठाते हुए उस पर गोली चला दी, जिससे मौके पर ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गोली चलने की आवाज से कैंप में हड़कंप मच गया। अन्य जवानों ने तत्काल घायल सोनवीर को सोमवार तड़के खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी जवान अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर गातापार थाना में रखा है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

कैंप की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद CAF कैंप की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और जवानों के बीच तनाव को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

 

Youthwings