PM Modi Trump Talk: PM मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की टेलीफोन पर बातचीत, व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा
PM Modi Trump Talk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच गुरुवार को टेलीफोन पर अहम बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत–अमेरिका संबंधों में हाल ही में हुई प्रगति की समीक्षा की और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई। बातचीत के बाद पीएम मोदी ने अपने X हैंडल पर इसे “गर्मजोशी भरा और एंगेजिंग संवाद” बताया।
क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बातचीत बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि उन्होंने और ट्रंप ने द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय हालात और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। पीएम मोदी ने लिखा- “राष्ट्रपति ट्रंप के साथ गर्मजोशी भरी और एंगेजिंग बातचीत हुई। हमने अपने संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए। भारत और अमेरिका वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
किन मुद्दों पर हुई चर्चा?
दोनों नेताओं के बीच बातचीत के दौरान कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी-
- द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के लिए साझा प्रयासों को जारी रखना
- महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, रक्षा, ऊर्जा और सुरक्षा जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूती देना
- 21वीं सदी के लिए तैयार किए गए India–US COMPACT Framework को आगे बढ़ाना
- (COMPACT: Catalyzing Opportunities for Military Partnership, Accelerated Commerce & Technology)
- क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर मिलकर काम करने का संकल्प
संपर्क में रहने पर सहमति
दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने यह भी सहमति जताई कि भविष्य में भी वे नियमित रूप से संवाद बनाए रखेंगे, ताकि साझा हितों और वैश्विक स्थिरता को मजबूत किया जा सके।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब भारत और अमेरिका कई रणनीतिक क्षेत्रों में तेज़ी से सहयोग बढ़ा रहे हैं, और दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच यह संबंध विश्व राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
